रांची: अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त बनाने के लिए झारखंड पुलिस को 636 नई पेट्रोलिंग गाड़ियां सौंपी गई हैं. इनके अलावा पेट्रोलिंग के लिए 849 बाइक भी पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं.
झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेट्रोलिंग गाड़ियों को हरी झंडा दिखाकर रवाना किया. इस कार्यक्रम में स्पीकर रबींद्रनाथ महतो और झारखंड सरकार के कई मंत्री तथा राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा समेत पुलिस के कई अफसर भी उपस्थित रहे.
इस कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों में 12 नए थाना भवनों के निर्माण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन शिलान्यास किया.
बोलेरो मॉडल की पेट्रोलिंग गाड़ियां अलग- अलग जिलों में वहां की जरूरतों के हिसाब से भेजे जा रहे हैं.
राज्य सरकार ने कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहनों और 1697 दोपहिया वाहनों को स्वीकृति प्रदान की है. इनमें से पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन (मुख्यतः बोलेरो) और 849 दोपहिया वाहन वितरित किए गए हैं.
नए थाना भवनों का शिलान्यास रांची, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, गुमला, चतरा और दुमका जिलों में किया गया है. इन पर राज्य सरकार करीब 19 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
इस अवसर पर गृह एवं कारा विभाग में नवचयनित 9 वैज्ञानिक सहायकों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र भी सौंपे.
मुख्यमंत्री ने कहा है कि झारखंड राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमा को दी गई गाड़ियां महत्वपूर्ण साबित होंगी.
उन्होंने कहा कि नए वाहनों की उपलब्धता से पुलिस बल की गतिशीलता, प्रतिक्रिया क्षमता और क्षेत्रीय निगरानी में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिसके परिणामस्वरूप घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण संभव हो सकेगा.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अपराध नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा और पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है.
