चतराः झारखंड के चतरा में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने एक युवक की छाती में गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया.
यह घटना सिमरिया-चतरा मुख्य सड़क पर नवोदय विद्यालय स्थित मोड़ के पास हुई है. मृतक की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी करमजीत कुमार उर्फ विकास कुमार के रूप में हुई है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये.
जानकारी के अनुसार युवक के खिलाफ प्रेम प्रसंग को लेकर पुलिस में एक मामला दर्ज है. इस मामले में वह जेल भी जाचुका है. इसी केस में वह कोर्ट में पड़ी तारीख में अपनी हाजिरी देकर लौट रहा था.
इस दौरान बोलेरो पर सवार अपराधियों ने उस पर तीन गोली चलाई. पहली गोली युवक की छाती में और दूसरी गोली पैर में लगी. इसके बाद एक गोली बाइक के टंकी में गोली लगी. छाती में गोली लगने के कारण उसने मौके पर दम तोड़ दिया. गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सनोज चौधरी, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गये.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक टंडवा का रहने वाला बताया जा रहा है, हालांकि उसकी पहचान और अन्य डिटेल्स का पता लगाने के लिए पड़ताल जारी है.
थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा जा रहा है. फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
