झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू हो रहा है. सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से कैसे चले, इसे लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मंगलवार को सर्वदलीय बैठक की.
इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, आजसू विधायक निर्मल महतो मुख्य रूप से मौजूद थे.
19 मार्च तक चलने वाले सत्र के दौरान कुल 17 कार्य दिवस होंगे. 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश होगा.
सत्र के पहले दिन यानी 18 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा. प्रथम दिन ही शोक प्रकाश के बाद सभा की कार्यवाही स्थगित हो जाएगी. इस दौरान अध्यादेश की प्रमाणीकृत प्रतियां अगर हो तो, उसे सभा पटल पर रखा जाएगा.
मंगलवार को हुई सर्वदलीय बैठक में 23 फरवरी की कार्यवाही को लेकर चर्चा हुई. दरअसल, इसी दिन राज्य में नगर निकाय के चुनाव हैं. चुनाव के मद्देनजर कार्यसूची में फेरबदल होगा. 23 फरवरी वाली कार्यवाही को 21 फरवरी को शामिल करने की सहमति बनी है. इसे लेकर 18 फरवरी को कार्य़मंत्रणा की बैठक में औपचिरक तौर पर निर्णय लिया जाएगा
सर्वदलीय बैठक में हाथियों के उत्पात और खनन के सवाल पर विशेष चर्चा कराने की मांग रखी गयी. इस बारे में भी कार्यमंत्रणा की बैठक में ही निर्णय लिए जा सकेंगे.
सर्वदलीय बैठक से पहले स्पीकर रबींद्रनाथ महतो और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सदन में आने वाले प्रश्नों का तथ्यपरक और समय पर जवाब देने का निर्देश दिया. उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद थे.
स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मीडियाकर्मियों से कहा है कि सरकार की ओर से विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि समय पर प्रश्नों का जवाब आयेगा.
गौरतलब है कि विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार होने के आसार हैं. सरकार की घेराबंदी के लिए विपक्ष ने हथियार के तौर पर कच्चा- चिट्ठा चमकाएंगे.
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम कुमार महतो, जेडीयू विधायक सरयू राय, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा की विधायक पूर्णिमा दास साहू समेत विपक्ष के कई विधायकों पर लोगों की निगाहें टिकी हैx. छात्रवृति के लंबित रहने, पेंशन, अवैध खनन, प्रतियोगिता परीक्षाओं की तारीख, रिजल्ट, रोजगार, हाथियों के हमले में लोगों की जाती जान जैसे सवाल इस सत्र में प्रमुखता से उछाले जा सकते हैं.
