रांचीः झारखंड कैडर की 2006 बैच की आईपीएस अन्नेपु विजया लक्ष्मी को सीआरपीएफ में आईजी और 2011 बैच के आईपीएस चंदन कुमार झा को सीआईएसएफ में डीआईजी नियुक्त किया गया है.
गृह मंत्रालय ने प्रतिनियुक्ति के आधार पर दोनों अधिकारियों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
झारखंड कैडर की 2006 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजया लक्ष्मी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में आईजी के तौर पर सेना प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है.
विजया लक्ष्मी झारखंड में कई जिलों के एसपी के अलावा पुलिस सेवा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं और प्रशासनिक दक्षता के लिए जानी जाती हैं.
चंदन कुमार झा बने CISF में डीआईजी
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार झारखंड कैडर के वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी चंदन कुमार झा को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में डीआईजी पद की जिम्मेदारी दी गई है.
उनकी नियुक्ति भी प्रतिनियुक्ति के आधार पर की गई है. सीआईएसएफ देश के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, मेट्रो रेल सेवाओं, परमाणु एवं अंतरिक्ष संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व संभालता है.
गौरतलब है कि झारखंड कैडर के डीआईजी कार्मिक रहे आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा भी हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं. उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डीआईजी बनाया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के पत्र के आलोक में राज्य सरकार ने उन्हें विरमित किया था.
