साहिबगंजः झारखंड में साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार एसीबी ने 40 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है.
डीलरों से अवैध वसूली की शिकायत पर जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई की है. नंदन कुमार को गिरफ्तार कर दुमका ले जाया गया है. वहां उनसे पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार बरहरवा प्रखंड के डीलरों से प्रत्येक माह 5 हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी. इसको लेकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका एसीबी से शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत में बताया गया कि एमओ नंदन कुमार सभी डीलरों पर पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे, जिससे डीलरों में काफी नाराजगी थी.
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और तय योजना के अनुसार आलमगीर आलम को 40 हजार रुपये देकर एमओ के पास भेजा गया.
जैसे ही उन्होंने रुपये सौंपे, एसीबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया.
दो महीने पहले ही हुई थी नियुक्ति
बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की नियुक्ति करीब दो महीने पहले ही एमओ पद पर हुई थी. वह मूल रूप से दुमका जिले के रहने वाले हैं.
उन्होंने सीजीएल परीक्षा पास कर यह सरकारी पद हासिल किया था और बरहरवा में उनकी यह पहली पोस्टिंग थी.
