रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) वर्ष 2025-26 में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं और लंबित रिजल्ट के प्रकाशन को लेकर का संभावित कैलेंडर जारी कर दिया है. जारी कैलेंडर के मुताबिक 13 परीक्षाओं में कुल 38,988 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशन, परीक्षा एवं परिणाम की संभावित तिथियां जारी की गयी हैं. 580 पदों के लिए उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा जुलाई में होगी. जबकि इसका रिजल्ट नवंबर में प्रकाशित होगा.
जारी कैलेंडर के मुताबिक इसी साल दारोगा (अवर निरीक्षक) के 975 पदों के लिए अक्टूर में परीक्षा होगी. जबकि इसका रिजल्ट जनवरी 2026 में प्रकाशित होगा. 4,919 आरक्षियों की नियुक्ति के लिए झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के लिए गृह विभाग द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षण के बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा होगी।

13 परीक्षाओं का कैलेंडर
कैलेंडर में कुल 13 प्रतियोगी परीक्षा शामिल हैं, जिसमें महिला पर्यवेक्षिका प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (488 पद) एवं मैट्रिक स्तर प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (455 पद) पिछले साल में हो चुकी है.इनका रिजल्ट क्रमश: मई एवं जुलाई में जारी हो सकता. वहीं मई-जून में दो प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है.
झारखंड स्नातक तकनीकी/विशिष्ट) योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के लिए जून में विज्ञापन जारी होगा. कुल 695 पदों के लिए यह परीक्षा इसी वर्ष नवंबर में होगी तथा फरवरी में रिजल्ट आएगा
पिछले वर्ष अगस्त में हुई झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पत्र-दो (पंचपरगनिया एवं कुरमाली) और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पत्र-चार (उर्दू) की दोबारा परीक्षा जून में होगी. पूर्व में दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं. रिजल्ट अगस्त से नवंबर तक जारी होंगे.
इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य का परिणाम जनवरी में जारी होगा. इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति अगले वर्ष ही हो पाएगी. बता दें कि दोनों श्रेणी में 26,001 पदों के लिए नियुक्ति होनी है.
