लातेहारः एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने लातेहार में जिला परिषद के प्रधान सहायक (बड़ा बाबू) संतोष सिंह को 65 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है.
एसीबी की टीम संतोष सिंह को अपने साथ लेकर पलामू मुख्यालय गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है.
शिकायतकर्ता संवेदक संतोष पांडेय उर्फ बबलू पांडेय ने एसीबी को जानकारी दी थी कि बड़वागड़हा में दो वर्ष पूर्व कार्य पूरा होने के बाद टाइम एक्सटेंशन से संबंधित फाइल को रोककर बड़ा बाबू पैसों की मांग कर रहे हैं.
संवेदक का आरोप है कि संतोष सिंह ने फाइल को आगे बढ़ाने के लिए 65 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.
एसीबी ने शिकायत के सत्यापन के बाद गुरुवार की सुबह जाल बिछाया. और उन्हें घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह के जपला और रांची स्थित घरों में भी छापेमारी भी चल रही है.
