रांचीः साउथ इस्टर्न रेलवे के कार्मिक विभाग ने रांची की सीनियर डीसीएम शूचि सिंह को पद से हटा दिया है. उनकी जगह श्रेया सिंह को यह पद संभालने की जिम्मेदारी दी गई है.
रेलवे द्वारा किया गया यह फेरबदल प्रशासनिक फेरबदल एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है या फिर हालिया घटनाक्रम से जुड़ा निर्णय, इस पर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की गई है.
चर्चा इसकी भी है कि हटिया स्थित रेल मंडल दफ्तर में बुधवार को सीबीआइ की छापेमारी और घूस लेते हुए चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद यह कदम उठाया गया है.
चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद सीबीआइ की टीम ने कार्यालय में दस्तावेज भी खंगाले थे.
इस प्रकरण में विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. सीबीआइ यह पता करने में लगी है कि घूसखोरी नेटवर्क में और कौन अधिकारी शामिल हो सकते हैं.
सीबीआइ के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता के लगभग 8.70 लाख रुपये के लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी.
इसी मामले में ट्रैप बिछाकर सीबीआई ने आरोपी को 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए गिरफ्तार किया.
