धनबादः झारखंड में हुए शहरी निकायों के चुनाव में सिर्फ धनबाद नगर निगम के मेयर के लिए वोटों की गिनती शनिवार देर शाम पूरी हुई. अपने दम पर चुनाव लड़ रहे झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने जीत का झंडा गाड़ दिया है.
संजीव सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर अग्रवाल को लगभग 25 हजार हजार वोटों से हराया है. जबकि भाजपा समर्थित संजीव कुमार को तगड़ी पटखनी दी है. संजीव कुमार यहां चौथे नंबर पर हैं.
वोटों की गिनती में शुक्रवार को पहले राउंड में संजीव सिंह ने बढ़त हासिल की थी, वह सातवें राउंड तक कायम रही.
संजीव सिंह को कुल 92 हजार 932 वोट मिले हैं. दूसरे नंबर पर रहे झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल को 68, 028 वोट मिले हैं. तीसरे नंबर पर कांग्रेस समर्थित शमशेर आलम अंसारी को 50750 वोट और चौथे नंबर पर भाजपा समर्थित संजीव कुमार को 49, 948 वोट पर संतोष करना पड़ा.
यहां झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के युवा उम्मीदवार जो पेशे से इंजीनियर और टाउन प्लानर हैं, उन्हें 19205 वोटमिले हैं और वे पांचवें नंबर पर हैं.
संजीव सिंह अभी झरिया से बीजेपी के विधायक रागिनी सिंह के पति हैं. संजीव सिंह की मां कुंती देवी भी बीजेपी से विधायक रही हैं.
संजीव सिंह के मेयर पद पर चुनाव जीतने से धनबाद की राजनीतिक बयार बदलेगी और समीकरण भी इससे इनकार नहीं किया जा सकता.
कार्यकर्ताओं, समर्थकों में उत्साह
संजीव सिंह के कार्यकर्ता, सिंह मेंशन के समर्थक बड़ी तादाद में मतगणना केंद्र के बाहर पहुंचे हैं. संजीव सिंह के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं. अबीर-गुलाल उड़ाये जा रहे हैं.
संजीव सिंह ने कहा है कि वे जनता के समर्थन से चुनाव लड़ रहे थे. पूरे प्रचार के दौरान भी उन्होंने इस बातों पर जोर दिया था.
गौरतलब है कि भाजपा ने धनबाद में पार्टी के नेता संजीव कुमार को समर्थन दिया था. संजीव कुमार की जीत तय करने के लिए धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा समेत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने भी अभियान को थाम रखा था.
हालांकि संजीव सिंह ने भी चुनाव से पहले पार्टी में अप्रोच किया था कि उन्हें मेयर पद से लड़ने की अनुमति के साथ समर्थन दिया जाए. लेकिन भाजपा ने उकी अनदेखी की. उधर भाजपा के नेता और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी पार्टी के अंदरखाने उम्मीदवार के नाम पर चर्चा को मौके पर ताड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया.
राजनीतिक टसल और संजीव सिंह की बिसात
झामुमो ने चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन भी दिया. पूर्व मेयर इंदु सिंह के अलावा रवि बुंदेला और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रकाश कुमार भी मैदान में उतरे. नामांकन के साथ ही धनबाद में मेयर का दंगल राजनीतिक टसल में बदल गया.
संजीव सिंह और उनके भाई सिद्धार्थ गौतम सलाके से चुनावी गोटियां बिछाते रहे. चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए गांव- पेंच भी चलते रहे. दोनों भाई अलग-अलग खेमों में धनबाद के हर इलाके और वार्ड में गए. लोगों से समर्थन मांगा. सवर्ण वोटों के समीकरण को अपने पक्ष में करने की कोशिशें की, जो सफल होता दिख रहा है.
संजीव सिंह ने इस चुनाव में यह भी साबित किया कि भले ही आठ साल वे सलाखों के पीछे रहे हैं, पर अब भी चुनावी मोहरे बिछाना, समीकरणों को साधना और हवा का रुख भांपना वे बखूबी जानते हैं.
नीरज सिंह हत्याकांड से बरी होने के बाद लोगों के बीच उन्हें सहानुभूति भी मिला, दरअसल वे इस केस में आठ साल तक जेल में रहे. केस- मुकदमे की लंबी लड़ाई लड़ी.
चुनाव के दौरान धनबाद से बीजेपी के सांसद ढुल्लू महतो ने भी संजीव सिंह को भाषणों और प्रचार में निशाने पर लिया रखा. संजीव सिंह ने इसका भी काट निकाला.
इस चुनाव में संजीव सिंह ने रणनीतिक तरीके से कोयला मजदूरों, कामगारों के साथ स्वजातीय वोटों तथा व्यवसायियों के एक तबका का समर्थन जुटाने में कामयाब होते दिख रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने अपने विरोधियों को भी राजनीतिक ताकत का अहसास कराया है.
