जमशेदपुरः निकाय चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक मोर्चाबंदी तेज होने लगी है. भले ही गैर दलीय आधार पर चुनाव कराए जा रहे हैं, पर राजनीतिक तपिश बढ़ती जा रही है. मानगो नगर निगम के मेयर पद का चुनाव भी राजनीतिक टसल के बीच होता दिख रहा है. एनडीए समर्थित उम्मीदवार संध्या सिंह के समर्थन में अब जेडीयू विधायक सरयू राय भी प्रचार करने निकले हैं.
सोमवार को संध्या सिंह के पक्ष में मानगो में पदयात्रा में शामिल सरयू राय ने लोगों को एनडीए समर्थित उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की. इस दौरान संध्या सिंह के पति भाजपा नेता नीरज सिंह और समर्थक भी शामिल रहे. सरयू राय ने गौड़ बस्ती, पोस्ट ऑफिस रोड, कृष्णा नगर, शांति नगर और चिताई कालोनी में पदयात्रा की.
सरयू राय जमशेदपुर पश्चिम से विधायक हैं. मानगो इसी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है. यहां पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी संध्या सिंह कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार हैं. बन्ना गुप्ता खुद चुनावी मुहिम संभाल रहे हैं. कांग्रेस की बागी उम्मीदवार जेबा खान भी पूरा जोर लगा रही है.
सरयू राय और बन्ना गुप्ता में राजनीतिक अदावत पुरानी रही है. जाहिर तौर पर मानगो में मेयर का चुनाव दोनों नेताओं की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है. सरयू राय सोशल मीडिया पर भी लगातार एक अच्छे उम्मीदवार को चुनने की लोगों से अपील करते रहे हैं.
