झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने, सुधार कराने और स्थानांतरण के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गयी है.
राज्य निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक नये मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 8.37 लाख के पार पहुंच गयी है. वहीं, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 21,692 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी ताजा अपडेट्स में बताया गया है कि झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी.
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, 15 अक्टूबर तक प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन के तहत फॉर्म-6 के 8,37,452, फॉर्म-6A के 119, फॉर्म-7 के 21,692 और फॉर्म-8 के 5,33,500 आवेदन दर्ज किये गये हैं.
16 अक्टूबर को फॉर्म-6 के 5,612 आवेदन डिजिटाइज किये गये. वहीं, फॉर्म-7 के 266 और फॉर्म-8 के 2,368 आवेदनों का डिजिटाइजेशन हुआ. इस दिन फॉर्म-6A के तहत कोई आवेदन डिजिटाइज नहीं किया गया.
किस काम के लिए कौन-सा फॉर्म?
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6A के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है.
फॉर्म-7 का इस्तेमाल मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया जाता है. वहीं, नाम, पता समेत अन्य विवरण में सुधार कराने या मतदाता सूची में स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरना होता है.
