रांचीः विदेशों में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे और अध्यापन कार्य से जुड़े झारखंड के युवाओं का एक दल ने मंगलवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत किया. युवाओं ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के फलस्वरूप राज्य के मेधावी बच्चे विदेशों में झारखंड का परचम लहरा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे राज्य के मेधावी छात्रों से मुलाकात एक सराहनीय पहल साबित हुई, जिससे राज्य के बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के बाद प्रदेश के आदिवासी छात्र ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं. हमारी सोच है कि झारखंड के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना. वर्तमान में प्रतिवर्ष 25 छात्र मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा रहे हैं.
उन्होंने गुरुजी के सपनों को साकार करने हेतु राज्य के आदिवासी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने एवं पीएचडी तथा रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की अपील की.
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में यूके के एक यूनिवर्सिटी में व्याख्याता डॉ. रेजिना हांसदा के अलावा ऑक्सफॉर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर डिर्गी हासिल कर रहीं डॉ. रिचर्ड टोप्पो, यूके से पीएचइडी कर रहीं माधुरी खलखो रूबी हेंब्रम तथा नोलीना मिंज (Masters, University of St. Andrews, UK) शामिल थीं.
