नयी दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ने प्रमुख राज्यों बिहार और पश्चिम बंगाल में अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार और भूपेंद्र यादव को पश्चिम बंगाल का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है.
भाजपा के द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बिहार चुनाव के लिए सह-प्रभारी होंगे. जबकि त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को पश्चिम बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया है.
बिहार विधानसभा का चुनाव नवंबर में संभावित है. वहीं, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अगले साल मार्च-अप्रैल में चुनाव प्रस्तावित हैं।
पार्टी ने अपने उपाध्यक्षों में से एक बैजयंत ‘जय’ पांडा को तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के लिए अपना प्रभारी नियुक्त किया, जहां उसका अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन है. केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल तमिलनाडु के सह-प्रभारी होंगे.
गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव दोनों भाजपा के सबसे अनुभवी चुनाव प्रबंधकों और रणनीतिकार में से हैं और उन्होंने कई राज्यों में चुनावों के लिए पार्टी की कमान संभाली है. और नेतृत्व की अपेक्षानुरूप परिणाम दिए हैं.
