रांचीः विधानसभा चुनाव के बाद से आजसू पार्टी में इस्तीफे का सिलसिला थमने के नाम नहीं ले रहा. पार्टी को मंगलवार को एक और बड़ा झटका लगा है. वर्षों से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और संगठक रहे पार्टी के रांची जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू ने सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.
इस्तीफा का पत्र उन्होंने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो को भेज दिया है.
उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे और इस दौरान उन्हें सहयोग मिलता रहा, जिसके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं.
साहू ने कहा कि कुछ व्यक्तिगत कारणों से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है. इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आजसू पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहे हैं.
गौरतलब है कि दिलीप कुमार साहू बुण्डू प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख भी रह चुके हैं. उनका कहना है कि संगठन से जुड़कर उन्होंने हमेशा पार्टी की मजबूती के लिए काम किया, लेकिन अब व्यक्तिगत कारणों से पार्टी की जिम्मेदारियों से अलग हो रहे हैं.
राजनीतिक गलियारों में उनके इस फैसले को आजसू पार्टी के लिए एक और झटके के रूप में देखा जा रहा है. विधानसभा चुनाव में पार्टी के रवैये को देखते हुए वे संगठन से दूर- दूर रहे थे. चुनाव के बाद तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख नेताओं ने पार्टी से दूरियां बना ली है. इनमें गुंजल इकिर मुंडा का नाम प्रमुख तौर पर शामिल है.
