सीपी राधाकृष्णन ने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शुक्रवार को शपथ ली.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में 67 वर्षीय राधाकृष्णन को शपथ दिलाई.
इस दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी अपने उत्तराधिकारी सी पी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए.
उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद धनखड़ पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए नज़र आए.
राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में 452 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले थे.
सीपी राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र और झारखंड के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी भी संभाली है.
वह दो बार लोकसभा के सांसद भी चुने गए हैं.
सीपी राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन है. उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को हुआ था. राधाकृष्णन 31 जुलाई 2024 से महाराष्ट्र के 24वें और वर्तमान राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं.
उन्होंने फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल, मार्च 2024 से जुलाई 2024 तक तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में भी कार्य किया है.
राधाकृष्णन भाजपा के सदस्य थे. इस दौरान, वे कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए. वे तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रहे.
