सरायकेलाः सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने गंभीरता से लिया है. एसपी ने रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. इसके अलावा गम्हरिया थाना में तैनात ओडी अधिकारी और मुंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इससे पहले शनिवार को कथित दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इस प्रकार अब तक मामले में तीन पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. यानी कुल 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
इससे पहले रविवार को एसपी खुद गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई जांच की समीक्षा की.
एसपी ने बताया है, नौ पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई इसलिए की गई, क्योंकि उन्होंने अनुशासनहीनता बरती और घटना की जानकारी समय पर अपने वरीय अधिकारियों को नहीं दी.
मीडिया से बातचीत में एसपी ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जा रही है. जांच में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली और सभी जरूरी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की.
एसपी ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
