दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जीत का परचम लहराया है. शुक्रवार को घोषित चुनाव परिणामों में 4 में से 3 सीटों पर एबीवीपी को जीत मिली है. अध्यक्ष पद पर आर्यन मान चुने गए हैं.
आर्यन मान ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) की प्रत्याशी जोसलीन नंदिता चौधरी को 16,196 वोटों से हराया है.
एबीवीपी के ही कुणाल चौधरी सचिव और दीपिका झा संयुक्त सचिव पद के लिए चुने गए हैं.
आर्यन मान ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) की प्रत्याशी जोसलीन नंदिता चौधरी को हराया है. कुल चार में से तीन पदों पर एबीवीपी ने जीत हासिल की है.
इस चुनाव में एनएसयूआई के खाते में महज एक सीट आई है. उपाध्यक्ष पद के लिए एनएसयूआई राहुल झांसला झा ने जीत दर्ज की है.
इस बीच दिल्ली यूनिवर्सिटी के चुनाव में एबीवीपी की जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई दी है.
अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की प्रचंड जीत पर परिषद के कार्यकर्ताओं को बधाई.”
“यह जीत युवाओं की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है. इस विजय से परिषद की छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने की यात्रा को और अधिक गति मिलेगी.”
