बोकारोः झारखंड में बोकारो पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद- बिक्री करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है. इसके साथ ही इस धंधे में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से लगभग 12 किलो गांजा, दस पुड़िया ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद किया है.
बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने बताया है कि गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की खरीद- बिक्री करने वाले शहर के अलग- अलग इलाके में सक्रिय हैं. कार्रवाई के लिए एक पुलिस की टीम गठित की गई.
इसी सिलसिले में को-ऑपरेटिव कॉलोनी से गांजा व ब्राउन शुगर की तस्करी करने वालों के सरगना अनिरुद्ध साव उर्फ हित को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि बिहार के विक्रमगंज से गांजा और ब्राउन शुगर लाकर बोकारो के विभिन्न इलाकों में एजेंटों के माध्यम से बेचा जा रहा था. गिरफ्तार अनिरुद्ध आरा जिले के विक्रमगंज के नटवार का रहने वाला है.
सरगना से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने 2 ड्रग्स पैडलर को भी गिरफ्तार किया. इनमें नगर मखदुमपुर निवासी मो फैज अकरम उर्फ बॉबी (25) और मो मतलूब आलम (23) शामिल हैं.
दोनों बालीडीह थाना क्षेत्र के सिजुआ तालाब के पास बाइक लगाकर गांजा और ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेच रहे थे.
