रांचीः झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आर्युविज्ञान संस्थान (रिम्स) में किसी मरीज की मौत होने पर परिजनों को सहायता के तौर पर सरकार यूपीआई के माध्यम से पांच हजार रुपये की सहायता देगी. साथ ही शव को घर पहुंचाने के लिए मोक्ष वाहन की सुविधा भी मुहैया करायी जायेगी. यह सुविधा झारखंड के अंदर ही मिलेगी.
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुआ शासी निकाय की बैठक में इस प्रस्ताव पर मंजूरी प्रदान की गई है.
टॉपर नीट की कोचिंग देंगे
एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव के तहत रिम्स के MBBS प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के टॉपर छात्र अब 30 गरीब विद्यार्थियों को मुफ्त NEET कोचिंग देंगे. इसके लिए प्रत्येक टॉपर को प्रति घंटे ₹2500 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, कोचिंग का संचालन हफ्ते में चार दिन होगा.
MBBS की सीटें 180 से बढ़ाकर 250 करने पीजी की सीटें 176 से बढ़ाकर 250 और सुपर स्पेशियलिटी कोर्स में 4 सीटों की वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी है. बैठक में यह जानकारी दी गई कि MRI मशीन की खरीदी प्रक्रिया अंतिम चरण में है. अगले माह यह मशीन इंस्टॉल होगी.
इनके अलावा संस्थान की गोपनीय जानकारी लीक करने और छवि धूमिल करने के आरोप में डीपीआरओ को पद से हटाया गया है. वहीं, रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार के स्पष्टीकरण को निकाय की बैठक में मंजूदी मिली है.
