पटनाः बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है.
इस सूची में 12 नाम हैं जिसमें मैथिली ठाकुर को दरभंगा की अलीनगर से टिकट दिया गया है.
गीतों, शास्त्रीय और भजन गायन के लिए चर्चित रहीं मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को बीजेपी ज्वाइन किया था.
पटना में बीजेपी की सदस्यता लेने के दौरान उन्होंने कहा था कि ‘वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित हैं और नीतीश कुमार से प्रेरित होकर उनके सहयोग के लिए खड़ी हैं.’
बीजेपी की दूसरी सूची में दो अनुसूचित जाति और दो महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है.
इससे पहले मंगलवार को बीजेपी ने 71 नामों की पहली सूची जारी की थी.
बीजेपी बिहार में 1011 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. अब तक पार्टी ने 83 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.
दूसरी सूची में ही पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर से टिकट दिया गया है.
2008 के परिसीमन के बाद अलीनगर विधानसभा सीट बनी है. पहले यह मनीगाछी विधानसभा का हिस्सा था.
यहां अभी तक 2010, 2015, 2020 केवल तीन बार चुनाव हुए हैं. 2025 के चुनाव में यह चौथा मौका होगा जब अलीनगर के लोग अपना विधायक चुनेंगे.
2020 के चुनाव में वीआईपी के मिश्री लाल यादव ने आरजेडी के बिनोद मिश्रा को हराया था. मिश्री लाल को 61082 वोट और राजद प्रत्याशी को 57981 मत मिले थे.
जबकि 2015 और उससे पहले 2010 में आरजेडी के दिग्गज नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने यहां से जीत दर्ज की थी.
