रांचीः झारखंड के घाटशिला विधानसभा सीट के लिए सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोमेश चंद्र सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया है.
बुधवार को रांची में पार्टी की हुए केंद्रीय कार्य समिति की बैठक में पार्टी के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने उम्मीदवार क नाम पर मंजूरी प्रदान की. इसके साथ ही उन्होंने सोमेश को पार्टी का सिंबल भी दिया. इस मौके पर सोमेश चंद्र की मां और परिवार के अन्य सदस्य़ तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
हेमंत सोरेन ने कहा है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए लोगों के दिलों में बसने वाले आंदोलनकारी और अभिभावक स्वरूप रामदास दा के बड़े बेटे, मेहनतकश युवा नेता सोमेश सोरेन को झामुमो ने अपना उम्मीदवार बनाया है. पिछले चुनावों में रिकॉर्ड जीत के साथ रामदास दा को घाटशिला की जनता ने अपना आशीर्वाद दिया था, हमें विश्वास है इस उपचुनाव में भी जनता अपना भरपूर स्नेह और आशीर्वाद सोमेश चंद्र सोरेन को देगी.
बैठक के बाद हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के अपने फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने कहा है, “केंद्रीय समिति की पूर्व की सभी बैठकों में स्मृति शेष दिशोम गुरुजी उपस्थित होते थे एवं उनका हम सबों के बीच होना झामुमो परिवार का संबल था, हमारा साहस था. आज हम गुरुजी के आशीर्वचन नहीं सुन पाए, लेकिन उनका निर्देशन, उनका दिखाया रस्ता सदैव हमें संघर्ष पथ पर राह दिखाते रहेगा.”
गौरतलब है कि 2024 के विधानसभा चुनाव में रामदास सोरेन ने बीजेपी के बाबूलाल सोरेन को लगभग 23 हजार वोटों से हराया था.
रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई इस सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव है. नतीजे 14 नवंबर को आएंगे. घाटशिला में जेएमएम ने तीन बार जीत दर्ज की है और यहां पार्टी की मजबूत पैठ रही है.
बीजेपी ने उपचुनाव में फिर से बाबूलाल सोरेन को मैदान में उतारा है. बाबूलाल सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र हैं.
इस बार भी मुकाबला कड़ा होने का अनुमान है.
