रांचीः झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर “नो योर टूरिस्ट पैलेस” के तहत युवाओं की टोली साइकिल रैली पर निकली है.
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने इस रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर कई अधिकारी भी मौजूद थे.
रांची के मोराबादी मैदान से निकली युवाओं की यह रैली लतरातु डैम (रिसोर्ट) तक जाएगी. 14 नवम्बर को प्रतिभागी लतरातु से रांची के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हुए खूंटी जिले में रात्रि विश्राम करेंगे.
15 नवम्बर को रैली खूँटी से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचेगी, जहां श्रद्धांजलि अर्पित कर रैली का समापन किया जाएगा.
इस साइकिल रैली का उद्देश्य झारखण्ड के पर्यटन स्थलों के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाना और पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाओं को नई दिशा देना है.
रांची से निकली यह साइकिल रैली नगड़ी पहुंची. नगड़ी में युवाओं का स्वागत किया गया.
गौरतलब है कि झारखंड अलग राज्य गठन के 25 साल होने पर पूरे राज्य में स्थापना दिवस कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है.
खेल मंत्री ने कहा है, “हमारे पुरखों, जिन्होंने अलग राज्य के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके प्रयासों के कारण आज हम झारखंड को एक युवा और प्रगतिशील राज्य के रूप में देख पा रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि एक दृढ़ संकल्प के साथ सरकार विकसित, सशक्त झारखंड निर्माण की ओर निरंतर बढ़ रही है.
