रामगढ़: झारखंड में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा बाजार स्थित विजय ज्वेलर्स से सरेशाम तीन करोड़ के जेवरात की लूट से व्यवसियों में खौफ है. पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्दी ही कांड का उदभेदन कर लिया जाएगा.
यह वारदात शनिवार की शाम करीब सवा सात बजे हुई है. मालिक विजय सोनी और उनके कर्मचारी शाम में दुकान बंद करने की तैयारी में थे. वे जेवरों को झोले में रख रहे थे. इस बीच हथियार से लैस तीन अपराधी दुकान में घुसे. उन्होंने दुकान का शटर गिरा दिया. दो अपराधी दुकान के बाहर खड़े थे.
अंदर घुसे तीनों अपराधियों ने दुकानदार, कर्मचारी और एक ग्राहक को कब्जे में कर लिया. इसके साथ ही सीसीटीवी के तार को उखाड़ दिया.
दुकान के मालिक ने पुलिस को जानकारी दी है कि अपराधी ढाई लाख रुपये कैश के साथ लगभग तीन करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात लूट कर भाग निकले. दुकानदार का मोबाइल भी वे ले गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने तहकीकात की.
