रांचीः भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मनरेगा की योजनाओं के केंद्र में करप्शन था. उसे हटाने के लिए ही जी राम जी लाया गया है. जी राम जी महात्मा गांधी के सपनों को साकार करेगा.
जी राम जी का विरोध कर रही कांग्रेस पर पलटवार करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद कन्फ्यूज है , हताश और निराश है. इसलिए जी राम जी योजना को लेकर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है.
पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में मरांडी ने कहा कि जब मनरेगा में फर्जीवाड़ा,भ्रष्टाचार चरम पर जा पहुंचा, कई सुधार के प्रयासों के बावजूद स्थिति नहीं बदली तो फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने विकसित भारत 2047 के संकल्पों को धरातल पर उतारने और उसमें ग्रामीण भारत की बुनियादी सुविधाओं को विकसित कर गांव को आज की आवश्यकताओं के अनुरूप मुख्यधारा में तेजी से जोड़ने के लिए विकसित भारत जी राम जी योजना का निर्णय लिया.
झारखंड में भी लूच मची रही
उन्होंने कहा कि मनरेगा ने तो झारखंड में लूट में मिसाल कायम किया. खूंटी जिले में 24 करोड़ के गबन उजागर होने पर कैसे एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल जाना पड़ा यह सभी को पता है. झारखंड के लगभग सभी जिलों में मनरेगा में घोटाले उजागर हुए हैं. इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2025-26 में पश्चिम बंगाल के 19 जिलों सहित 23 राज्यों की निगरानी में कागजों पर ऐसे कार्य दिखाए गए, जिसका जमीन पर अस्तित्व ही नहीं था. जितनी राशि का खर्च दिखाया गया था उस हिसाब से काम जमीन पर नहीं हुए. श्रम आधारित कार्यों में मशीनों का उपयोग बड़े पैमाने पर किया गया. 40 प्रतिशत तक कमीशनखोरी की बातें भी उजागर हुई.
कांग्रेस को ज्यादा परेशानी हो रही
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गांव, गरीब किसान विरोधी पार्टी है. कांग्रेस को भ्रष्टाचार ,लूट रुकने से परेशानी हो रही है. अब मजदूरों को 100 की जगह 125 दिन काम मिलेगा इससे परेशानी हो रही है. काम नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता मिलेगा इससे परेशानी हो रही है. योजना में राम शब्द आ रहा है इससे परेशानी हो रही है.
भाजपा कार्यकर्ता नए अधिनियम की खूबियों को बताने के लिए जनता के बीच जाएंगे. जनता के बीच लेकर जाएंगे. प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद,किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव,सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित थे.
