रांचीः मौसीबाड़ी मलारकोचा निवासी सुनील यादव के दो बच्चों के गुम होने के बाद से अब तक उनका सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने छानबीन के लिए विशेष टीम गठित की है.
बच्चों के सुकुशल बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने राजद नेता कैलाश यादव के नेतृत्व में धुर्वा शहीद मैदान स्थित शेख भिखारी चौक पर धरना दिया.
मंगलवार को ही रांची के एसएसपी राकेश रंजन और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर मौसीबाड़ी इलाके पहुंचे और गुम बच्चों के परिजन तथा स्थानीय लोगों से जानकारी ली. इसके साथ ही जांच टीम को आवश्यक निर्देश दिए.
इधर धरना के बाद राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से मुलाकात कर लापता बच्चों की बरामदगी के लिए आवश्यक और त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया.
गौरतलब है कि 2 जनवरी को सुनील यादव के दो बच्चे 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका लापता हो गए हैं. घर के सामने से खेलते हुए वे शालीमार बाजार तक पहुंचे थे. फिर गुम हो गए. सुनील यादव एक साधारण मजदूर हैं और मूल तौर पर बिहार के रहने वाले हैं.
राजद के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर बताया है कि डीजीपी तदाशा मिश्रा ने भरोसा दिलाया है कि लापता बच्चों की बरामदगी को लेकर वे स्वयं मॉनिटरिंग कर रही हैं. बच्चों की सकुशल वापसी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है, जो बिहार बंगाल और ओडिशा में पता करने में जुटी है.
इससे पहले एसएसपी ने भी धरने पर बैठे स्थानीय लोगों को बताया कि रांची पुलिस ने 22 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है. बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए सभी प्रयास तेज किए गए हैं.
पुलिस ने एक इश्तेहार भी जारी किया है, जिसमें गुम बच्चों के बारे में जानकारी देने पर 51 हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है.
उधर धरना कार्यक्रम में समर्थन देने आए मधु मंसूरी, सुनील यादव, गौरीशंकर यादव, मिंटू पासवान नंदन यादव, बबन यादव, रंजन यादव, उत्तम यादव, परमेश्वर सिंह, उमेश यादव, रामकुमार यादव, सागर कुमार, सतीश महतो, राहुल यादव, बनारस यादव, चंदा देवी, रामजी यादव, शंकर राय, मनीष राय सहित अन्य ने संबोधित किया.
