रांचीः राज्य सभा के सांसद आदित्य साहू के हाथों में झारखंड प्रदेश बीजेपी की कमान सौंपी गई है. बुधवार को रांची में राज्य बीजेपी के चुनाव पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की.
अध्यक्ष पद की घोषणा के साथ ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पिछे तीन अक्टूबर को आदित्य साहू को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. अब वे बाबूलाल मरांडी की जगह प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे.
13 जनवरी को आदित्य साहू ने चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था. सिंगल नामांकन के चलते यह पहले से तय था कि अध्यक्ष वही बनने जा रहे हैं.
बुधवार को औपचिरक तौर पर इसकी घोषणा की गई. इस मौके पर बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे. आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने से अब बाबूलाल मरांडी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहेंगे. अब तक वे प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
इस बीच आदित्य साहू ने इस पद के लिए पार्टी के नेताओं का आभार प्रकट किया है. उन्होंने कहा है कि पार्टी की मजबूती के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे.
