रांचीः झारखंड प्रदेश बीजेपी के नये अध्यक्ष आदित्य साहू ने बसंत पंचमी के मौके पर शुक्रवार का अपना पदभार संभाला. इससे पहले भाजपा कार्यालय में पूजन-हवन का कार्यक्रम हुआ. इसके बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने साहू को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठायी.
पूजन-हवन कार्यक्रम में बीजेपी के कई नेता, कार्यकर्ता मौजूद थे. सबने नये प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं दी.
इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा को बूथ से लेकर प्रदेश तक मजबूत,धारदार बनाते हुए राज्य में व्याप्त कुशासन, के खिलाफ संघर्ष करना है. झारखंड भाजपा की देन है. अटल जी के सपनों का झारखंड बनाना अभी बाकी हैं। हम सभी संकल्प लें कि राज्य में सुशासन लाने के लिए संघर्ष करेंगे. और राज्य में फिर एक बार भाजपा के नेतृत्व में मजबूत डबल इंजन सरकार बनाएंगे.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एक जमीनी स्तर के जुझारू कार्यकर्ता हैं. कार्यकर्ताओं को मजबूत नेतृत्व देने की इनमें क्षमता है. इनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी. प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के नये कार्यकाल की शुभकामनाएं दी.
