रांची: झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है. गोली मारने के बाद उसने पिस्टल पत्नी के हाथ में रख दिया, ताकि घटना को दूसरा रूप दिया जा सके.
यह घटना मनी टोला में हुई है. साहेब अंसारी नाम के व्यक्ति पर पत्नी तरन्नुन की हत्या का आरोप लगा है. पुलिस ने एफएसएल की जांच टीम को बुलाया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के ले भेजा जा रहा है. फरार साहब अंसारी की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
हटिया के डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली. पुलिस अधिकारी के मुताबिक प्रारंभित तौर पर यह बात सामने आई है कि साहेब अंसारी का किसी महिला के साथ कथित अवैध संबंध था, जिसका विरोध उसकी पत्नी किया करती थी. विरोध की वजह से ही दोनों में शनिवार को झगड़ा हुआ, जिसके बाद साहेब ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर अचानक साहेब अंसारी के घर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आस-पास के लोग जब उसके घर पहुंचे, तो साहेब घर से भागता हुआ नजर आया. जब स्थानीय लोग घर के अंदर गए तो देखा कि वहां साहेब की पत्नी मृत पड़ी हुई है और उसके सिर से खून बह रहा है. तुरंत मामले की जानकारी डोरंडा थाने को दी गई.
डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद थोड़ी ही देर में दल बल के साथ मौके पर पहुंचीं. छानबीन के बाद मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. कमरे में जिस स्थान पर रानी का शव पड़ा हुआ था उसके पास में ही पिस्टल भी पड़ा हुआ था.
