रांचीः सीबीआइ की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने शुक्रवार को सेना के एक हवलदार मुकेश कुमार राय और उसके सहयोगी रिश्तेदार दिनेश कुमार राय को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.
सीबीआइ ने आरोपितों की निशानदेही पर उनके घरों में भी तलाशी ली, जहां से डिजिटल डिवाइस आदि की बरामदगी हुई है. सीबीआइ को आशंका है कि संगठित रूप से रिश्वत उगाही का खेल चल रहा है, जिसकी जांच की जा रही है.
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को सीबीआइ ने शनिवार को रांची स्थित विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गिरफ्तार सेना के हवलदार मुकेश कुमा राय रांची हवाई अड्डे के समीप रक्षा भूमि एनओसी आरएंडओ एफएलटी यूनिट, 56 एपीओ में पदस्थापित है. उस पर सेनाभूमि पर बने रहे अपार्टमेंट को पूरा करने के एवज में ठेकेदार से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है.
