रांचीः जमशेदपुर पश्चिम से जेडीयू के विधायक सरयू राय के एक सवाल से सिस्टम में हड़कंप है. उन्होंने ऊर्जा विभाग के फिक्स्ड डिपॉजिट को लेकर सरकार से जांच कराने की मांग की है.
रविवार को सोशल मीडिया के अकाउंट एक्स पर सरयू राय ने एक पोस्ट में लिखा है, “झारखंड सरकार ऊर्जा विभाग की लगभग 160 करोड़ की फिक्स्ड डिपॉजिट रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है. यह एफडी केनरा बैंक सहित एक अन्य बैंक में कराई गई थी, लेकिन परिपक्वता तिथि आने पर जब विभागीय अधिकारी राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें हैरान करने वाला जवाब मिला. बैंक ने कहा कि उनके यहां ऊर्जा विभाग के नाम से कोई एफडी शेष नहीं है. पैसा किसने निकाला. मुख्यमंत्री इस मामले की जांच कराएं.”
सरयू राय ने इस मामले को लेकर वित्तीय घोटाले की आशंका जतायी है. एक्स पर ही एक दूसरे पोस्ट में उन्होंने ऊर्जा विभाग के कामकाज और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाये हैं.
उन्होंने कहा है, “झारखंड सरकार का ऊर्जा विभाग गत चार माह से अधिक समय से बिना सचिव के चल रहा है. कोई प्रभारी भी नहीं है. होल्डिंग कंपनी ऊर्जा विकास निगम में सीएमडी नहीं है,वितरण में एमडी नहीं है. फिर भी विभाग चल रहा है. विभाग का बजट बन रहा है. विभाग उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है, प्रबंधन का कमाल है.”
सरयू राय के इन सवालों पर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 18 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है. सत्र में भी यह सवाल उठाया जा सकता है.
