सरायकेलाः बीजेपी के प्रदेश अध्यश्र आदित्य साहू मंगलवार को सरायकेला पहुंचे. यहां उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर पार्टी समर्थित उम्मीदवार के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि 48 नगर निकायों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की ही जीत होगी. पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की नाराजगी को उन्होंने खारिज करते हुए कहा यह मीडिया के द्वारा गढ़ा गया नैरेटिव भर है.
चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उन्हें जीत के गुर बताये. उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करने और भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिए.
प्रदेश अध्यक्ष ने हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास पूरी तरह ठप है और अपराध लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में अपहरण एक उद्योग बन चुका है और खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है. झारखंड में न तो रोजगार है और न ही सुरक्षा. जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और इसका जवाब नगर निकाय चुनाव में देगी.
चंपाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन पार्टी के कर्मठ सिपाही हैं और भाजपा में पूरी तरह एकजुटता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी पार्टी लाइन से हटकर काम करेगा, उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
इस मौके पर पार्टी समर्थित प्रत्याशी सुमित चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, शैलेंद्र सिंह, प्रदीप वर्मा, राजा सिंहदेव, हरेकृष्ण प्रधान, विजय महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
