रांचीः झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए हुए चुनाव में वोटों की गिनती शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है. पहले वार्ड पार्षदों के चुनाव के नतीजे आएंगे. इसके बाद मेयर और अध्यक्ष पद के लिए वोट गिने जाएंगे. डिप्टी मेयर और उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष निर्वाचन होना है. यानी उन्हें वार्ड पार्षद चुनेंगे.
वोटों की गिनती शुरू होने के बाद कई निकायों से वार्ड पार्षदों के नतीजे आने शुरू भी हो गए हैं. बोकारो, गढ़वा, राजधनवार, हजारीबाग, रांची से कई पार्षदों के चुनाव जीतने की खबर है.
मगगणना केंद्र के बाहर अबीर-गुलाल भी उड़ने लगे हैं.
मतगणना को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. रांची में मतगणना स्थल से 500 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दिया गया है.
पूरे राज्य में मतगणना के लिए कुल 1309 टेबल ल गाए गए हैं. इन टेबलों पर 8606 मतपेटियों में बंद वोटों की गिनती चल रही है. मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 तथा पार्षद पद के 5569 कुल 6131 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है.
निर्वाचन आयोग ने पहले ही स्पष्ट किया है कि रात आठ बजे के बाद नई मतपेटियां नहीं खोली जाएंगी. यानी रात आठ बजे तक ही गिनती होगी. इसके बाद अगले दिन वोटों की गिनती शुरू होगी.
राज्य के कुल 48 निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद तथा 19 नगर पंचायतों के लिए 23 फरवरी को वोट डाले गए थे.
इन निकायों के लिए 1087 वार्डों में वार्ड पार्षदों के अलावा महापौर/अध्यक्ष का प्रत्यक्ष निर्वाचन होना है.
चुनाव गैरदलीय आधार पर कराए गए हैं, पर सभी सत्तारूढ़ जेएमएम- कांग्रेस और मुख्य विपक्ष बीजेपी के बीच इस चुनाव में राजनीतिक टसल देखा गया. इन दलों ने अपने- अपने उम्मीदवारों को समरथन देकर मैदान में उतारा है.
शुरुआती रुझानों के सामने आने के बाद मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता का माहौल देखा जा रहा है.
रूझान और नतीजे
रांची नगर निगम के 3 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. घोषित नतीजों के अनुसार वार्ड संख्या 19 से गीता कुमारी ने जीत दर्ज की है. वहीं वार्ड संख्या 26 से प्रदीप कुमार विजयी घोषित किये गये हैं.
इसके अलावा वार्ड संख्या 37 से परमेश्वर सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया है. रांची नगर निगम में 53 वार्ड हैं.
जबकि मेयर पद के लिए भाजपा समर्थिक रोशनी खलखो ने लगभग 22 हजार वोटों की बढ़त ली है.
उधर चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशी सोमवारी सोरेन ने शानदार जीत दर्ज की है. अंतिम परिणाम के अनुसार सोमवारी सोरेन को 3,445 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी चंदना मुर्मू को 2,718 मत मिले. इस तरह सोमवारी सोरेन ने 727 मतों के अंतर से जीत हासिल की. मतगणना पूरी होते ही झामुमो समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया.
खूंटी नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित रानी टूटी चुनाव जीत गई हैं. उनके समर्थकों ने टूटी को फूल-माला से लाद दिया है. गजे- बाजे के साथ सभी जुलूस में निकले हैं.
उधर गिरि़डीह के धनवार नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष पद पर विनय कुमार संथालिया ने जीत दर्विज की है.
