झारखंड में नगर निकायों के लिए हुए चुनावों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं. मतगणना केंद्रों के बाहर और शहर के चौक-चौराहे में गहमागहमी है. चुनाव जीते उम्मीदवारों के समर्थन में जुलूस निकलना शुरू है. समर्थक, कार्यकर्ता अबीर- गुलाल उड़ा रहे हैं. आसमान में पटाखे गूंज रहे हैं. 48 निकायों में 9 नगर निगम हैं. इन नगर निगम के मेयर पद पर राज्य की नजरें टिकी हैं.
हजारीबाग नगर निगम के मेयर पद के लिए नतीजे चौंकाने वाले आए हैं. यहां पत्रकार अरविंद राणा ने अपने दम पर शानदार जीत दर्ज की है.
हजारीबाग को भाजपा के गढ़ के तौर पर देखा जाता है. यहां सांसद और विधायक दोनों भाजपा के हैं. भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुदेश चंद्रवंशी की जीत के लिए सांसद मनीष जायसवाल और विधायक प्रदीप प्रसाद ने भी पसीना बहाया था. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत प्रदेश के अन्य कई प्रमुख नेता भी प्रचार अभियान और कार्यकर्ताओं को गोलबंद करने में जुटे थे. लेकिन हजारीबाग में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुदेश चंद्रवंशी की बड़ी हार हुई है. वे तीसरे नंबर पर चले गए हैं.
अरविंद राणा ने ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरफराज अहमद को लगभग 4700 वोटों से हरा दिया है. सरफराज को 18847 वोट मिले हैं. झामुमो समर्थित उम्मीदवार विकास राणा यहां चौथे नंबर पर हैं. हजारीबाग नगर निगम के 38 वार्डों के पार्षदों के ले भी वोटों की गिनती पूरी कर ली गई है. इस बार कई नये चेहरे चुनाव जीते हैं.
गौरतलब है कि अरविंद राणा ने जनता के पैसे से चुनाव लड़ा था. वे जिस घर में वोट मांगने गए उनसे दस रुपये का आर्इत सहयोग भी मांगा. इस दौरान कई लोगों ने उन्हें 50-100 रुपये भी दिए. पत्रकार होने के साथ राणा सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं.
अपनी शानदार जीत के बाद अरविंद राणा ने कहा, “यह बहुत भावुक पल है. मैंने बिना पैसे के चुनाव लड़ा. हजारीबाग के लोगों ने मुझे धन और वोटों दोनों से मदद की है. यह जीत हजारीबाग के लोगों की है. हजारीबाग की शहरी समस्याओं से वाकिफ हूं. यहां के लोगों के भरोसे पर खरा उतरना ही मेरी पहली जिम्मेदारी होगी.”
इधर रांची नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो ने दूसरे राउंड में करीब बीस हजार वोटों से बढ़त ले ली है. वे कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और पूर्व मेयर रमा खलखों से आगे चल रही हैं.
देवघर नगर निगम में भाजपा समर्थित रीता चौरसिया आगे चल रही हैं. गिरिडीह में मेयर पद के लिए झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा करीब पंद्रह हजार वोटों से आगे चल रही हैं.
आदित्यपुर नगर निगम में बीजेपी समर्थित संजय सरदार ने निर्णायक बढ़त ले ली है. उन्हें जीत की घोषणा का इंतजार है. मानगो नगर निगम में मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुधा गुप्ता भाजपा की उम्मीदवार संध्या सिंह से आगे चल रही हैं.
मेदिननीगर नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा की अरूणा शंकर और कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी के बीच कांटे की टक्कर चल रही है. धनबाद नगर निगम के मेयर पद को लेकर भारी टसल है. अपने दम पर चुनाव लड़ रहे संजीव सिंह ने खासी बढ़त ली है. यहां झामुमो समर्थित उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल और बीजेपी समर्थित संजीव कुमार के साथ दोनों दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है.
निर्वाचन आयोग के बाद रात आठ बजे के बाद मतगणना रोक दी गई है. शनिवार की सुबह फिर काउंटिग शुरू होगी. रांची, मानगो, मेदिनीनगर, धनबाग के परिणाम के लिए अभी इंतजार करना होगा.
