रांचीः भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने रांची नगर निगम के मेयर पद पर चुनाव जीत लिया है. देर रात उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया. रोशनी ने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 वोटों से हराया है. रमा खलखो पूर्व मेयर भी रही हैं.
रोशनी खलखो को कुल 1,57,669 वोट मिले हैं. जबकि रमा खलखो 1,43,306 वोट लाकर दूसरे नंबर पर रहीं. रांची में मेयर पद को लेकर हुए चुनाव में सत्तारूढ़ जेएमएम- कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक तौर पर भारी टसल था. लेकिन यहां झामुमो समर्थित उम्मीदवार सुजीत बिजय आनंद कुजुर को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. उन्हें 19,305 वोट मिले हैं.
रोशनी पूर्व में वार्ड 19 की पार्षद भी रही हैं. मतगणना के दौरान पहले राउंड से ही उन्होंने बढ़त हासिल की, जो अंत तक कायम रहा. हालांकि शुरुआती दौर में बडे मार्जिन से पिछड़ने के बाद भी रमा ने आखिरी तक पीछा किया.
रोशनी के समर्थन में केंद्रीय मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल समेत कई नेता चुनावी प्रचार में जुटे थे. उधर रमा खलखो की जीत के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, सरकार में मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, शिल्पी नेहा तिर्की समेत पार्टी के कई विधायक मोर्चा संभाल रहे थे.
वोटों के समीकरणों पर गौर करने से पता चलता है कि कांग्रेस-जेएमएम के बीच हुए वोटों के बिखराव का फायदा भी रोशनी को मिला है. रांची में मेयर पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे. रांची नगर निगम के 53 वार्ड के प्रत्याशियों के भी नतीजे निकल गए हैं. इनमें 32 महिलाओं की जीत हुई है.
