कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पांच राज्यों से छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी का नाम प्रमुख है, जिन्हें एक बार फिर से तेलंगाना से उम्मीदवार बनाया गया है.
कांग्रेस ने अपने शासन वाले तेलंगाना से वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी को फिर से उम्मीदवार घोषित किया है. सिंघवी वर्तमान में तेलंगाना से ही राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अप्रैल में खत्म होने वाला है.
पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को फिर से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है. वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ से ही राज्यसभा सदस्य हैं.
उधर हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया है.
कांग्रेस ने हरियाणा से कर्मवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया है. दलित समुदाय से आने वाले बौद्ध ने पार्टी के ‘संविधान बचाओ अभियान’ में सक्रिय भूमिका निभाई है और उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की पसंद माना जा रहा है.
तमिलनाडु से एम क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार घोषित किया गया है. ईसाई समुदाय से ताल्लुख रखने वाले तिलक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव हैं.
कुल 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होने हैं. मतों की गिनती उसी दिन की जाएगी। ये सीटें अप्रैल में रिक्त हो रही हैं.
जिन 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है उनमें से चार कांग्रेस के पास थीं. यदि पार्टी के सभी छह उम्मीदवार जीतते हैं तो उसे दो सीटों का लाभ हो सकता है.
