रांचीः राज्य सभा के सांसद खीरू महतो को एक बार फिर झारखंड जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की कमान सौंपी गई है. वे तीसरी बार झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं.
शनिवार को प्रदेश कार्यालय में वे निर्विरोध निर्वाचित हुए.
सांगठनिक चुनाव प्रभारी श्रवण कुमार की मौजूदगी में पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से खीरू महतो को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया.
निर्वाचन के बाद पार्टी द्वारा नियुक्त राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने खीरू महतो को प्रमाण-पत्र प्रदान किया.
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ एक दर्जन से अधिक जिला अध्यक्षों तथा प्रत्येक विधानसभा से राज्य परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ. निर्वाचन के पश्चात कार्यकर्ताओं ने खीरू महतो को बधाई दी और उनका अभिनंदन किया. खीरू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद खीरू महतो ने कहा कि जिन जिलों में सदस्यता अभियान पूरा नहीं हुआ है, वहां जिला अध्यक्षों का निर्वाचन जल्द पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि संसद के बजट सत्र समाप्त होने के बाद संगठन विस्तार किया जाएगा.
