रांचीः भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को शहरी निकाय चुनाव में जीत कर आए प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया.
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने विजयी प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनता के लिए हमेशा उपस्थित रहने की सलाह दी.
समारोह में रांची की मेयर रोशनी खलको, पलामू की मेयर अरुणा शंकर और आदित्यपुर के मेयर संजीव सरदार उपस्थित रहे. हालांकि इस समारोह में झरिया से पूर्व विधायक और धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह कार्यक्रम से दूरी रखी.
बता दें कि संजीव सिंह ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के विरोध में जाकर चुनाव लड़ा था और उन्हें शानदार जीत मिली है. भाजपा ने उन्हें चुनाव के बीच में नोटिस दिया था. लेकिन जीत के बाद कई भाजपा नेता उनसे मिले सिंह मेंशन पहुंचे थे.
धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने तो संजीव सिंह को जीत की बधाई भी दी थी. कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के आंदोलन की वजह से हुए निकाय चुनावों में जनता ने पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन दिया है.
इधर भाजपा ने जारी रिलीज में बताया है कि कार्यक्रम में रांची,मेदिनीनगर और आदित्यपुर नगर निगम के विजयी महापौर, लोहरदगा,गुमला,मिहिजाम और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष,खूंटी,लातेहार,डोमचांच, जामताड़ा,महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित 387 पार्षद शामिल हुए .
इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री सांसद अरुण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में नगरीय क्षेत्र की जनता ने राज्य सरकार को करारी चोट दी है. जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में खड़ी रही. और पार्टी चुनाव चिन्ह और निकाय चुनाव होते तो राज्य की सत्ताधारी ठगबंधन का सूफ़डा साफ हो जाता.
