गुमलाः झारखंड के गुमला में बच्चा चोरों की अफवाह से बचने और शक में किसी की सामूहिक तौर पर पिटाई करने या जानलेवा हमला करने से बचने के लिए जिला प्रशासन माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास शुरू किया है.
इस बीच मंगलवार की रात बच्चा चोरी के शक में दो निर्दोष ग्रामीणों की मार- पिटाई की एक और घटना सामने आई है.
सदर थाना क्षेत्र के चेटर चाहा गांव में मंगलवार की रात बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. शक के आधार पर ग्रामीणों ने दो लोगों- बिनू महतो और शिव सागर महतो को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. दोनों घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से बचाते हुए बाहर निकाला.
उधर सोमवार को जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह में एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस ने इस मामले में लापू गोरयाटांड़ गांव के ही चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तेतरा उरांव, बिरसाई उरांव, शिवलाल उरांव और एतवा उरांव शामिल हैं. (64) शामिल हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
महिला की हत्या के बाद एसपी ने जांच के लिए एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव की अगुवाई में एक टीम गठित की थी. इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी शुरू की. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और घटना में शामिल लोगों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
मंगलवार की रात क्या हुआ
मंगलवार की शाम सदर थाना क्षेत्र के चेटर चाहा गांव की एक छोटी बच्ची चुपचाप घर से निकलकर पास के पार्क की ओर चली गई थी.
काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी. इसी दौरान गांव में मौजूद बनू महतो और शिव सागर महतो पर कुछ लोगों ने बच्चा चोरी का शक जता दिया.
संदेह के आधार पर ही ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और बिना किसी पुष्टि के उनकी पिटाई शुरू कर दी. भीड़ के हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गये.
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों घायलों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. इधर कुछ देर बाद जिस बच्ची के अपहरण की आशंका जताई जा रही थी. वह पास के पार्क में सुरक्षित मिल गई.
