रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की पहली पाली में बुधवार को संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर के एक बयान को लेकर सदन में एक बार फिर हंगामा शुरू हो गया पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के कारण सदन का माहौल गरमा गया और अंततः स्पीकर को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.
ध्यानाकर्षण के ठीक पहले संसदीय कार्यमंत्री के बयान को प्रोसिडिंग्स से हटाने की मांग पर सभा की कार्यवाही 12.50 बजे तक पहली बार स्थगित करनी पड़ी.
भाजपा के नवीन जायसवाल ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मंत्री ने सदन में गलत तथ्य प्रस्तुत किया है.
उन्होंने कहा कि ईरान के युद्धपोत को भारतीय समुद्री क्षेत्र में नहीं बल्कि श्रीलंका के क्षेत्र में अमेरिका ने नुकसान पहुंचाया था.
जायसवाल ने आरोप लगाया कि मंत्री के बयान से भारतीय सेना के गौरव को ठेस पहुंचाने वाली बात कही गई है.
उन्होंने मांग की कि संसदीय कार्य मंत्री के इस बयान को सदन की कार्यवाही से हटाया जाए.
इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने पलटवार करते हुए विपक्ष पर ही सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत के मान-सम्मान की बात कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने ही देश के सम्मान को अमेरिका के सामने गिराया है. मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने घुटने टेक दिए थे.
मंत्री अपने बयान पर अड़े रहे और कहा कि उन्होंने जो कुछ कहा है उसे कार्यवाही से नहीं हटाया जाए.
