बिहार में हुए राज्य सभा चुनाव में सभी पांच सीटों पर एनडीए के उम्मीदवारों की जीत और राजद गठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह की हार के बाद राजद, कांग्रेस में जारी राजनीतिक घमासान के बीच पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसा है.
राज्य सभा चुनाव के बाद तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ कोलकाता निकल गए. उनकी इस यात्रा पर कभी लालू यादव के खास रहे शिवानंद तिवारी ने निशाना साधा है.
शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा, “पराजय से ज्यादा बुरा है पराजय के उपरांत मैदान छोड़ देना. सुना है तेजस्वी कोलकाता के लिए निकल गए. इसके पूर्व विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी उन्होंने बिहार छोड़ दिया था. बीवी-बच्चों के साथ पिकनिक मनाने के लिए यूरोप की यात्रा पर निकल गए थे. पराजय के बाद रण छोड़ देने वाले नेताओं के साथ उनके समर्थक नहीं टिकते हैं.”
शिवानंद तिवारी सोशल मीडिया पर कई बार तेजस्वी यादव के फैसलों पर सवाल उठा चुके हैं. मंगलवार को एक बार फिर उन्होंने तेजस्वी यादव की इस यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं.
इस पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ताओं में निराशा का भाव हो तो पार्टी के नेता को उनके साथ रहना चाहिए, ना कि तेजस्वी यादव की तरह भाग जाना चाहिए.
