रांचीः प्रकृति पर्व सरहुल की शोभायात्रा के दौरान कचहरी चौक के पास परिजनों से बिछड़ा मासूम बच्चा गोंदा का रहने वाला है. रविवार की सुबह रांची पुलिस ने सकुशल उसे घर वालों को सौंपा.
शरहुल यात्रा में बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था. बिछड़ने के बाद रोते- कलपते बच्चे को स्थानीय युवकों ने अपने पास लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस को सौंप दिया.
रांची पुलिसने बच्चे को सीसीआर कंट्रोल रूम में सुरक्षित रखा और उसकी पहचान व परिजनों की तलाश शुरू की. कंट्रोल रूम से सभी थानों को सूचना दी गई. साथ ही वायरलेस और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे के परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया गया.
रविवार की सुबह बच्चे बच्चे की दादी और मौसी सीसीआर कंट्रोल पहुंचीं. उन्होंने बताया कि बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका है और पिता बीमार हैं. सरहुल शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान ही कचहरी चौक के पास भीड़ में बच्चा उनसे बिछड़ गया था.
इससे पहवले परिजनों ने रातभर अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन भारी भीड़ के कारण उसे ढूंढ नहीं पाए और मायूस होकर घर लौट गए. सुबह मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत कंट्रोल रूम पहुंचे.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली और गोंदा थाना की पुलिस गश्ती टीम ने बच्चे और उसके परिजनों को पुलिस वाहन से सुरक्षित उनके गोंदा थाना क्षेत्र स्थित हथिया गोंदा स्थित घर पहुंचाया।
घर पहुंचने पर बच्चे की उसके बीमार पिता से मुलाकात कराई गई और आवश्यक सत्यापन के बाद उसे परिजनों को सौंपा गया.
