पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आम जनता उन्नयन पार्टी ने गठबंधन का एलान किया है.
इसकी जानकारी एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर दी.
दोनों दलों के बीच लगभग सीटों पर सहमति हो चुकी है. कुछ सीटों को लेकर चर्चा बाकी है. ओवैसी ने कहा कि इन पर भी जल्द ही फ़ैसला हो जाएगा.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निष्कासित नेता हुमायूं कबीर ने कहा, “आज मेरे भाई असदुद्दीन ओवैसी मेरे साथ हैं आम जनता, हमारी पार्टी और एआईएमआईएम मिलकर पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों में हिस्सा लेंगे. हम क़रीब 182 से 192 उम्मीदवार उतारेंगे. आज शाम 4 बजे राज्य पार्टी ऑफ़िस खोलने के बाद मैं उम्मीदवारों का एलान करूंगा और ओवैसी साहब भी बताएंगे कि वे किन सीटों से चुनाव लड़ेंगे.”
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “हम पूरी कोशिश करेंगे कि यह गठबंधन सफल हो. जिन सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे, उनकी संख्या लगभग तय हो चुकी है. एक-दो सीटों पर चर्चा चल रही है, जो जल्द ही तय हो जाएगी. इस चुनाव में हमारी मुख्य कोशिश यह है कि इस राज्य में मुस्लिम अल्पसंख्यक से राजनीतिक नेतृत्व सामने आए और मज़बूत बने.”
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों, 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है. इसके बाद 4 मई को नतीजे आएंगे.
