रांचीः झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में रविवार को मझगांव जेएमएम विधायक निरल पूर्ति को ‘बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान’ से नवाजा गया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें सम्मानित किया. सम्मान के तौर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल और 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई.
उत्कृष्ट विधायक का सम्मान मिलने पर के विधायक निरल पूर्ति ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय जनता के विश्वास और मेहनतकश लोगों के संघर्ष का सम्मान बताया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ पूरे झारखंड की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा.
निरल पूर्ति ने कहा है कि एक जनप्रतिनिधि के तौर हासिल इस सम्मान की गरिमा को वे बरकरार रखेंगे. साथ ही क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव कोशिश करते रहेंगे. यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि नई और बड़ी जिम्मेदारी है
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई मंत्री, विधायक मौजूद रहे. सभी ने निरल पूर्ति को इस सम्मान के लिए बधाई के साथ शुभकमानाएं दी. निरल पूर्ति आदिवासियों के लिए रिजर्व मझगांव सीट से चार बार के विधायक हैं.
हर वर्ष झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस के मौके पर राज्यपाल द्वारा सदन में उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय भागीदारी, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संसदीय मर्यादाओं के पालन के आधार पर किसी एक विधायक को यह यह सम्मान दिया जाता है.
विधानसभा के कर्मी भी हुए सम्मानित
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति के अलावा विधानसभा के कर्मियों को भी उनके बेहतर कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में उप सचिव किरण सुमन बखला और सुषमा सिंह, प्रशाखा पदाधिकारी रविकांत समीर तिर्की, अधीक्षक मोहम्मद अली अहमद, वरीय ट्रेजरी सलाहकार शिवलाल राम और अनुसेवक संजय कुमार मेहता शामिल हैं.
