हजारीबागः झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हुई हत्या की घटना और अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में सोमवार को हजारीबाग बंद का कई जगहों पर असर देखने को मिल रहा है.
झारखंड बीजेपी ने यह बंद बुलाया है. जगह- जगह बीजेपी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं. विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है. विष्णुगढ़ में बंद का व्यापक असर है. दुकानें स्वतः स्फूर्त बंद हैं.
गाड़ियों की आवाजाही भी रोक दी गई है. आंदोलनकारियों ने विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड को सात माइल मोड़ के पास जाम आधे घंटे तक जाम किए रखा.

इस घटना में शामिल अपराधियों को पुलिस अब तक पकड़ने में नाकाम रही है. इससे लोगों का गुस्सा और भड़क उठा है. हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन जारी है.
हजारीबाग शहर और कोयला इलाके में बीजेपी के कार्यकर्ता झंडे-बैनर लेकर बंद कराने सड़कों पर उतरे हैं. पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी का जोर है.
पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की है. इसमें आईपीएस और डीएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं.
बंद से पूर्व रविवार की शाम हजारीबाग में एक रोषपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया था. इस मार्च में बड़ी तादाद में महिलाएं भी शामिल थीं.
गौतरलब है कि एक गरीब मजदूर परिवार की बच्ची की हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका है. उसके शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान मिले हैं.
वह गांव में मंगला जुलूस देखने गई थी. वापसी के दौरान उसकी हत्या कर दी गई. एक झाड़ी के पास उसका शव मिला था.
