रांचीः झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस देखने गई 12 साल की एक बच्ची की दरिंदगी के साथ हुई हत्या की घटना और अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में प्रदेश भाजपा ने तीन अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान किया है.
इसी मुद्दे पर बीजेपी और स्थानीय लोगों ने सोमवार को हजारीबाग बंद बुलाया है, जिसका सुबह से व्यापक असर देखने को मिला.
बंद से पूर्व रविवार की शाम हजारीबाग में एक रोषपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया था. इस मार्च में बड़ी तादाद में महिलाएं भी शामिल थीं.
कई जिला मुख्यालयों में भी बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन किया.
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि अगर अपराधियों की जल्दी गिरफ्तारी नहीं हुई तो 2 अप्रैल को राज्य के सभी प्रखंड और जिला मुख्यालयों पर मशाल जुलूस निकाला जाएगा.
इसके बाद 3 अप्रैल को झारखंड बंद रखा जाएगा. यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से सरकार पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है.
उधर पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की है. इसमें आईपीएस और डीएसपी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं.
गौतरलब है कि एक गरीब मजदूर परिवार की बच्ची की हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका है. उसके शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान मिले हैं.
वह गांव में मंगला जुलूस देखने गई थी. वापसी के दौरान उसकी हत्या कर दी गई. एक झाड़ी के पास उसका शव मिला था.
