जमशेदपुर के सेक्रेड हर्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआईएससीई की 12वीं परीक्षा में पूरे 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है.
शांभवी ने भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान और अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों में शत-प्रतिशत अंक लाकर नेशनल टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है.
उनकी इस उपलब्धि ने लौहनगरी का नाम पूरे देश में ऊंचा कर दिया है.
नेशनल टॉपर बनने पर शांभवी ने कहा, “यह मेरे लिए एक सपने जैसा है. मुझे अपनी मेहनत पर भरोसा था, लेकिन शत-प्रतिशत अंक आना ईश्वर के आशीर्वाद, शिक्षकों का उच्च मार्ग दर्शन और माता-पिता के सहयोग का फल है.”
शांभवी की माता निभा केमिस्ट्री की शिक्षिका हैं, और पिता राकेश रमण ऑल इंडिया रेडियो में हैं.
शांभवी नर्तमान में नीट (NEET) की तैयारी कर रही हैं. उनका लक्ष्य एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है.
क्या कहते हैं नतीजे
गौरतलब है कि काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी कर दिए हैं. इस साल परीक्षा में शामिल हुए छात्र आधिकारिक वेबसाइट में चेक कर सकते हैं.
ISC में 99.13% बच्चे पास हुए, जबकि ICSE में 99.18% पास हुए.
दोनों परीक्षाओं में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया, ISC में लड़कियों का रिजल्ट 99.48% और ICSE में 99.46% रहा.
इस साल ICSE (Class 10) की परीक्षा में लगभग 2.6 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि ISC (Class XII) की परीक्षा में लगभग 1.5 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए.
