गुमलाः गुमला जिले के केसीपारा स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय परिसर में बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया. मधुमक्खियों के हमले में कई बच्चे घायल हो गए हैं. हमले के बीच स्कूल परिसर में अपरा-तफरी मच गई. बच्चे भागते हुए अपने गांव पहुंचे.
शिक्षक भी परेशान रहे. घायल बच्चों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से नजदीकी निजी क्लीनिकों और गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया.
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर के पास एक पीपल के पेड़ में लंबे समय से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था.
गुरुवार की सुबह एक चील पेड़ के पास पहुंचा, जिससे मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं. चील तो वहां से उड़ गया, लेकिन भड़की हुई मधुमक्खियों ने स्कूल में मौजूद बच्चों पर हमला कर दिया.
अचानक हुए हमले से बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
स्थिति को संभालने के लिए ग्रामीणों ने बच्चों को एक जगह इकट्ठा किया और आग जलाकर धुआं किया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद मधुमक्खियों का झुंड वहां से हटा.
