रांचीः झारखंड प्रीमियर लीग 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में रांची के युवा और होनहार खिलाड़ी रॉबिन मिंज को कोयलांचल सुपर किंग्स ने खरीदा है.
विकेटकीपर और विस्फोटक बल्लेबाज माने जाने वाले मिंज पर 15 लाख की बोली लगाकर कोयलांचल सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया है.
रॉबिन मिंज का बेस प्राइस चार लाख रुपये था. रांची के वेब इंटरनेशनल होटल में आयोजित इस नीलामी में और कई खिलाड़ियों पर तगड़ी बोली लगी.
मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल खेल चुके रॉबिन मिंज को लेकर फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और आखिरकार कोयलांचल सुपर किंग्स ने उन्हें अपने साथ जोड़ लिया.
झारखंड में गुमला के एक सुदूर गांव के रहने वाले रॉबिन अपने राज्य से आईपीएल में खेलने वाले पहले आदिवासी क्रिकेटर विस्फोटक बल्लेबाजी शैली के कारण उनकी तुलना अक्सर एमएस धोनी से की जाती है.
आईपीएल 2025 में #MI का प्रतिनिधित्व करते हुए, साधारण शुरुआत से लेकर बड़े मंच तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा है.
अपनी फिनिशिंग क्षमताओं और सिग्नेचर हेलीकॉप्टर शॉट के लिए अक्सर अपने आदर्श एमएस धोनी से तुलना किए जाने वाले मिंज ने झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रसिद्धि हासिल की है. खासकर 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खिताब जीतने में उनकी निर्णायक भूमिका रही.
मिंज ने अपने TATA IPL सफर की शुरुआत तब की जब गुजरात टाइटन्स ने उन्हें 2024 की नीलामी में 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा.
विराट की भी शानदार बोली
झारखंड रणजी टीम के कप्तान और जमशेदपुर के बाएं हाथ के बल्लेबाज विराट सिंह नीलामी के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे.
उन्हें छोटानागपुर रॉयल्स ने बड़ी रकम खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया. विराट सिंह का बेस प्राइस भी 4 लाख रुपये था.
गौरतलब है कि झारखंड प्रीमियर लीग का आयोजन 10 जून से रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में किया जाएगा. टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों में काफी रोमांच बना हुआ है.
सुशांत मिश्रा धनबाद डामंड्स के साथ
वहीं, रांची के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा पर भी टीमों ने भरोसा जताया. उन्हें धनबाद डायमंड्स ने 11 लाख रुपये में खरीदा. झारखंड के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले सुशांत से आगामी सीजन में भी टीम को काफी उम्मीदें रहेंगी.
संथाल स्ट्राइकर्स ने ईशान को खरीदा
भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 6.25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. जबकि हजारीबाग के ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह को भी कोयलांचल सुपर किंग्स ने 6.25 लाख रुपये में खरीदा. उत्कर्ष का बेस प्राइस 4 लाख रुपये था. झारखंड के अनुभवी ऑलराउंडर और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व कर चुके अनुकूल रॉय को जमशेदपुर स्टीलर्स ने उनके बेस प्राइस 4 लाख रुपये में खरीद लिया.
कुमार कुशाग्र को नहीं मिला खरीददार
हालांकि नीलामी का सबसे बड़ा चौंकाने वाला घटनाक्रम बोकारो के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को लेकर रहा. गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेल चुके कुमार कुशाग्र को किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा और वह अनसोल्ड रह गए.
लीग में 6 फ्रेंचाइजी
झारखंड प्रीमियर लीग में में 6 फ्रेंचाइजी-रांची टाइटन्स, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटा नागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स शामिल हैं.
प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास नीलामी के लिए 50 लाख बजट निर्धारित है.
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा, “झारखंड लंबे समय से भारतीय क्रिकेट का एक अभिन्न अंग रहा है, और झारखंड टी20 लीग इस आधार को और मजबूत करेगी, साथ ही जाने-माने और उभरते हुए क्रिकेटरों के लिए एक नई राह तैयार करेगी.”
