बोकारो: बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत पांच नंबर धौड़ा क्षेत्र में एक आपसी विवाद की घटना में गर्भवती महिला अनिता देवी उर्फ अनु की मौत के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी और राजनीतिक दलों के नेताओं का घटना स्थल का दौरा, बैठकें, तीखी प्रतिक्रिया सामने आने लगी थी. स्थानीय लोगों में महिला की मौत को लेकर काफी आक्रोश था, जिसके बाद धरना प्रदर्शन भी किया गया.
बेरमो के डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी के बाद सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े मामले में कई लोगों का बयान भी लिया गया है.
इस घटना में बबलू भूईयां, सुरेंद्र भूईयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेंद्र भूईयां, राजेश कुमार को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, 29 मई की रात करीब 9 बजे पांच नंबर धौड़ा में आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई.
इस दौरान अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतका के पति के आवेदन पर बेरमो थाना में कांड संख्या 63/26 दर्ज किया गया.
हालांकि स्थानीय लोगों ने बताया है कि अनिता देवी और कुछ अन्य महिलाएं कोयला चुनकर लौट रही थीं. इसी दौरान आरोपियों ने उनकी पिटाई की. इनके गिर जाने पर लात-घूंसे चलाए गए, जिससे महिला की हालत गंभीर हो गई. फिर उनकी जान चली गई.
कई नेता भी पहुंचे
महिला की हत्या की खबर फैलते ही कोयलांचल क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया. धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो और जेएलकेएम के अन्य नेता, कार्यकर्ता भी आंदोलनकारियों के समर्थन में घौड़ा पहुंचे. जयराम देर रात तक आंदलनकारियों के साथ मौजूद रहे. इससे पहले सांसद ढुलू महतो ने शीघ्र पोस्टमार्टम कराने के लिए हस्तक्षेप भी किया.
