तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में मारपीट की घटना के बाद उन्होंने कहा है कि वे इस मामले में ‘अदालत का रुख़ ज़रूर करेंगे.
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया, “वे मुझे जान से मारना चाहते हैं.”
टीएमसी सांसद ने आगे कहा कि वह इस मामले के बारे में कलकत्ता हाई कोर्ट और राज्यपाल को बताएंगे.
उन्होंने कहा, “पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है. हम इस मामले में हाई कोर्ट को सूचना ज़रूर देंगे. हम राज्यपाल को भी इस बारे में बताएंगे.”
कब और कहां हुआ
अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना ज़िले के सोनारपुर में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे, जहां उन्होंने ख़ुद के साथ मारपीट होने का आरोप लगाया.
अभिषेक बनर्जी पर कथित तौर पर पत्थर और अंडे भी फेंके गए.
अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा, “सबकुछ बीजेपी की ओर से प्रायोजित था.”
उन्होंने अपना हाल दिखाते हुए कहा, “देखिए क्या हाल किया गया है. ये है इनका लोकतंत्र का नमूना, एक महीना भी हुआ नहीं. आप देखिए पुलिस कहीं नहीं है, पुलिस को बार-बार बोलने के बावजूद भी.”
वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस का बयान जारी किया है.
पुलिस ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले के सोनारपुर में प्रदर्शनकारी स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के साथ कथित तौर पर मारपीट की है.
टीएमसी ने क्या कहा
टीएमसी ने अपने एक्स पर हिंसा का वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया है कि बीजेपी के समर्थित उपद्रवियों के क्रूर हमले के बाद भी, हमारे राष्ट्रीय महासचिव ने पीछे हटने का विकल्प नहीं चुना. इसके बजाय, वे भाजपा समर्थित गुंडों द्वारा कथित रूप से पहुँचाई गई अकल्पनीय क्षति से तबाह एक परिवार के साथ खड़े रहे. करुणा से प्रेरित राजनीति और घृणा से प्रेरित राजनीति में यही अंतर है.
पार्टी ने आगे पश्चिम बंगाल के सीएम को टैग करते हुए लिखा है, “आज की घटनाओं ने एक बार फिर आपके नेतृत्व में चल रही राजनीति के स्वरूप को उजागर कर दिया है, जो धमकी, हिंसा और प्रतिशोध पर आधारित है.”
ममता बनर्जी की तीखी प्रतिक्रिया
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया आई है.
ममता बनर्जी ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा, “शासक हत्यारे बन गए, बीजेपी पर शर्म आती है.”
ममता बनर्जी ने टीएमसी के एक्स हैंडल पर पोस्ट हुए एक वीडियो को भी रीपोस्ट किया है. इस वीडियो में अभिषेक बनर्जी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते देखा जा रहा है और कुछ लोग उन्हें बचाते नज़र आ रहे हैं.
बीजेपी क्या बोली
घटना पर बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने एएनआई से कहा, “मैं इस घटना की निंदा करता हूं. मैं लोगों अपील करता हूं कि वो क़ानून को अपने हाथों में न लें. बंगाल की जनता में टीएमसी और अभिषेक बनर्जी के ख़िलाफ़ आक्रोश है. हमें बंगाल में सुधार लाने की ज़रूरत है. हमें बंगाल की राजनीति को हिंसा मुक्त करने की ज़रूरत है. मैं जनता से शांति और क़ानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं.”
